शक्तिनगर। पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के सिंगरौली इलाके में मौजूद चितरंगी में इंडियन गैस एजेंसी पिपरवान के पास बुधवार की देर शाम बस की चपेट में आने से ऑटो सवार दो यात्रियों की मौत हो गई। बस में सवार यात्री सुरक्षित हैं। चितरंगी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुस्साए लोगों को शांत कराया। एसडीएम चितरंगी भी मौके पर पहुंच गए।
बस चितरंगी से सीधी जा रही थी और कुडैनिया की तरफ से आटो रहा था। जैसे ही ऑटो इंडियन गैस एजेंसी के पास पहुंचा तो सामने से आ रही बस ने जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में ऑटो सवार रघुनाथ साकेत (40) निवासी गड़वानी की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं नरेंद्र शाह (17) निवासी सुकहर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी भिजवाया गया, लेकिन उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर आस-पड़ोस के लोगों को लगी तो भारी संख्या में भीड़ जुट गई। मौके पर चितरंगी पुलिस ने मोर्चा संभाला। हादसे के बाद बस भी अनियंत्रित हो गई, लेकिन बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते यह घटना घटित हुई।