सोनभद्र। जिले में होने वाले पंचायती चुनाव और होली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बीते 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर छापे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 लोगों को 190 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने शराब बनाने के लिए धधक रही 15 से अधिक भट्टियों को तोड़ दिया। 15 क्विंटल से अधिक शराब बनाने का लहन नष्ट किया गया।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष को अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिये है। क्षेत्राधिकारी राजकुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में फोर्स के साथ कोतवाल अविनाश चंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी, एसओजी प्रभारी श्याम बहादुर यादव ने कंजड़ बस्ती राबट्र्सगंज में छापेमारी की तो कई घरों में शराब बनाने के लिए भट्टियां धधक रही थीं। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दो महिला समेत तीन को धर दबोचा। पुलिस कर्मियों ने फावड़े से जमीन खोदकर करीब पांच क्विंटल लहन नष्ट कर दिया। 15 लीटर शराब के साथ पकड़ी गई विनिता, शीतल और इस्तेखार खान के खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया गया।