दुद्धी। झाड़ियों में लगी आग ने आसपास के छह महानों को नुकसान पहुंचाया है। कोतवाली क्षेत्र के निमियाडीह गांव में एक व्यक्ति ने झाड़ियों में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अपनी चपेट में आस पास के छह मकानों को ले लिया। पीड़ितों का कहना है कि आग से घर में रखे लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान राख हो गया। नकदी और कागजात भी जल गए हैं।
ग्रामीणों ने डिब्बे, बाल्टी और सबमर्सिबल चालू कर आग पर काबू पाया। पूर्व ग्राम प्रधान तैयब अली ने बताया कि मना करने के बावजूद गांव के एक व्यक्ति अपने घर के पास खेतों की झाड़ियों के ढ़ेर में आग लगा दी। झाड़ियों में लगी आग देखते ही देखते घरों तक पहुंच गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते आग छह मकानों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। हालांकि ग्रामीणों ने कड़ी मशक्त कर आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल रूबी ने मौके पर जाकर क्षतिपूर्ति का आकलन किया और इसकी रिपोर्ट तहसील प्रसाशन को भेजने की बात कही। लेखपाल ने बताया कि आग से सुभगिया देवी, अमोल तथा एक परिवार के पांच लोग प्रभावती देवी, वीरेंद्र कुमार, गोविंद कुमार, मंजू देवी, सुनीता के मकानों पर लगे छप्पर समेत अन्य सामान जले है। पीड़ितों का कहना हैं कि आग से 30 हजार रुपये, जमीन सम्बंधित कागजात आधार कार्ड, पासबुक, कपड़ा, गेंहू आदि सामान जल गया है। बताया कि अगलगी की घटना से लाखों का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी पाकर प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह सिंह ने मौके पर जाकर जायजा लिया।