एयरपोर्ट के लिए म्योरपुर बाजार में भवनों के मूल्यांकन का काम करती संयुक्त टीम
- फोटो : SONBHADRA
म्योरपुर। स्थानीय कस्बे में हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर शनिवार को लोक निर्माण व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने भवनों का मूल्यांकन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में दोनों विभागों कर्मचारी मौजूद रहे।
म्योरपुर हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर शनिवार को राजस्व व लोक निर्माण विभाग के लोगों ने म्योरपुर बाजार में बने भवनों का मूल्यांकन किया। भवनों की नापी के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह के निर्देश के बाद म्योरपुर बाजार बचाने के क्रम में पश्चिमी दिशा में विस्तार को लेकर कुछ दिनों पूर्व ही उपजिलाधिकारी के माध्यम से विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है। ऐसे में पश्चिम दिशा में विस्तार को लेकर ज्यादातर वनभूमि आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा पूर्व के प्रस्तावित स्थल और बाजार के भी मूल्यांकन का काम लगातार जारी है। शनिवार को म्योरपुर मुख्य बाजार में भवनों के मूल्यांकन का काम किया गया। उनकी लंबाई-चौड़ाई और अन्य संसाधनों की नापी करने के साथ ही लोक निर्माण विभाग ने उनकी लागत और मुआवजे की राशि तैयार की। इसको लेकर लोग कौतूहलवश बड़ी संख्या में जमा रहे।