अनपरा सिंगरौली एनएच 39 हाईवे पर कुबरी मोड़ के पास लगा जाम। ंसंवाद
रेणुसागर। अनपरा-सिंगरौली एनएच-39 पर कुबरी मोड़ के पास बृहस्पतिवार दोपहर कोयला लदे तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से एक भैंस की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर को औड़ी मोड़ रेलवे पुलिया के नीचे गलत दिशा में खड़ा कर फरार हो गया। इससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। बताया गया कि भैंसों का झुंड जंगल से चारा खाकर घर लौट रहा था। कुबरी मोड़ के पास हाईवे पर चढ़ते समय सिंगरौली की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार मृत भैंस रामप्रकाश बैसवार की थी। हादसे के बाद ट्रेलर गलत दिशा में खड़ा होने से नेहरू चौक से औड़ी मोड़ तक और औड़ी से सिंगरौली मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। सूचना पर अनपरा थाना और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर आवागमन बहाल कराया। अनपरा थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि उसका चालक भाग गया है। पशुपालक की तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।