बीटीसी वर्ष 2014 की संशोधित कट आफ मेरिट बुधवार को जारी कर दी गई। पहले यह मेरिट जिला स्तर पर जारी की गई थी लेकिन इस बार इसे प्रदेश स्तर पर जारी किया गया है। इससे क्षुब्ध बीटीसी अभ्यर्थियों ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में जमकर हंगामा किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि जिले के बीटीसी अभ्यर्थियों की उपेक्षा की जा रही है। जिसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी कार्यालय में एक ज्ञापन भी सौंपा।
बीटीसी 2014 के लिए बुधवार को डायट परिसर में जारी की गई संशोधित कट आफ मेरिट देख अभ्यर्थी भड़क उठे। इस सूची को देख बीटीसी अभ्यर्थी भड़क गए। उनका आरोप है कि पहली बार जो सूची जारी की गई थी उसे जिला स्तर पर तैयार किया गया था लेकिन अब एक साजिश के तहत इस सूची को प्रदेश स्तर पर जारी किया गया है। इससे क्षुब्ध अभ्यर्थियों ने डायट परिसर में जमकर हंगामा किया। इसके बाद दर्जनों की संख्या में अभ्यर्थी कलेक्ट्रेट पहुंच गए। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम कार्यालय में पत्र सौंपकर जारी की गई कट आफ मेरिट को निरस्त करने की मांग की। इस मौके पर जय प्रकाश, रमेश, चंद्र मणि, कन्हैया, प्रीती, नीलू, अंजली, नेहा, पूजा, कंचन पांडेय, पिंकी कुमारी, फूल कुमारी, अलका, पूनम, स्वाती, प्रियंका, विवेक, रामसेवक आदि शामिल रहे।