पूर्व ग्राम प्रधान गोविंद सिंह ने बताया कि सुधा सोमवार को घर में अपने भाइयों को राखी बांधने के बाद दोपहर बाद अपने छोटे भाई शनि (7) के साथ घर से निकली थी और धोवा नहर के उस पार अपने चाचा के घर चचेरे भाइयों को राखी बांधने जाने लगी। ग्रामीणों का कहना था कि नहर पार करने के दौरान सुधा और शनि पानी की धारा में बह गए।
काफी देर तक जब दोनों घर लौटकर नहीं आए तो परिजन उन्हें खोजने के लिए निकले। नहर में गुलाबा नंबर तीन पर पाइप के पास सुधा का पांव दिखाई पड़ा। परिजनों ने पानी में उतरकर उसे निकाला। परिजन सुधा को तत्काल बाइक की मदद से घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को बगैर कोई सूचना दिए परिजन शव लेकर वापस लौट गए।
इधर शनि की तलाश में परिजन व ग्रामीण जुटे रहे। देर शाम शनि का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर महोखर गांव में नहर में मिला। मृतका सुधा व शनि दोनों सगे भाई-बहन हैं। उधर घटना की जानकारी होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। तहसीलदार विकास पांडेय और प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक विधिक कार्रवाई में जुटे रहे।