घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के पुरना गांव में चचेरे भाई को राखी बांधने के लिए जा रहे सगे भाई-बहन नहर पार करने के दौरान बह गए। बहने से दोनों की मौत हो गई। बालिका को शाम चार बजे नहर से बाहर निकाला गया जबकि नहर में डूबे बालक का शव देर शाम को महोखर गांव के समीप नहर में मिला।
सोमवार को दिन में सवा चार बजे पुरना निवासी सुधा (10) पुत्री गोविंद को उसके परिजन गंभीर हालत में लेकर घोरावल सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसेो मृत घोषित कर दिया। पूर्व ग्राम प्रधान गोविंद सिंह ने बताया कि सुधा सोमवार को घर में अपने भाइयों को राखी बांधने के बाद दोपहर बाद अपने छोटे भाई शनि (7) के साथ घर से निकली थी और धोवा नहर के उस पार अपने चाचा के घर चचेरे भाइयों को राखी बांधने जाने लगी। नहर पार करने के दौरान सुधा और शनि पानी की धारा में बह गए। दोनों घर लौटकर नही आए तो परिजन उन्हें खोजने के लिए निकले। नहर में गुलाबा नंबर तीन पर सुधा का पांव दिखाई पड़ा। परिजनों ने उसे निकाला और सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इधर शनि की तलाश में परिजन व ग्रामीण जुटे रहे। देर शाम शनि का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर महोखर गांव में नहर में मिला। घटना की जानकारी होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। तहसीलदार विकास पांडेय और प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।