शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में रविवार की रात पति-पत्नी के बीच विवाद छुड़ाने पहुंचे ईंट व्यवसायी छोटे कुशवाहा (55) की स्टील के बाल्टी से हमले में मौत हो गई। आरोपी फरार हो गया। घटना नवानगर थाना क्षेत्र के नन्दगांव की है।
टीआई कपूर त्रिपाठी ने बताया कि नंदगांव निवासी छोटे कुशवाहा (55) का गांव में ही राख की ईंट का प्लांट है। प्लांट में जियावन थाना क्षेत्र में स्थित सरौंधा गांव निवासी मंगल सिंह गोंड (40) पत्नी गुड्डन के साथ मजदूरी करता था। आए दिन मंगल पत्नी गुड्डन के साथ मारपीट करता था। रविवार की रात करीब 11 बजे कमरे के बाहर गुड्डन झाड़ू लगा रही थी और मंगल कमरे में शराब पी रहा था। किसी बात पर हल्ला करते हुए मंगल बाहर आया और पत्नी को मारने लगा। शोर सुनकर छोटे कुशवाहा पहुंचा और मंगल को समझाने लगा। जब वह नहीं माना तो छोटे एवं अन्य मजदूरों ने मिल कर मंगल का हाथ बांध दिया। छोटे कुशवाहा वहीं बैठा रहा। अन्य मजदूर चले गए। कुछ देर बाद मंगल सिंह ने हाथ छुड़ा लिया और वहां रखी स्टील की बाल्टी से छोटे पर हमला कर दिया। इससे छोटे कुशवाहा को गंभीर चोट आ गई। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग गया। गंभीर रूप से घायल छोटे कुशवाहा की मौत हो गई। टीआई ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।