घोरावल कोतवाली क्षेत्र के भैसवार गांव मे रविवार की शाम को नहर में नहाने गया 10 वर्षीय बालक डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूरज कोल का पुत्र अंकित (10) अपने चाचा राजू कोल के घर भैसवार में एक महीने से रह रहा था। अंकित का घर मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के मड़रिया गांव में है। राजू भैसवार में रहता है तथा अन्य भाई लोग मड़रिया में ही रहते हैं।
रविवार की शाम अंकित नहाने के लिए घर से लगभग 200 मीटर दूर नहर की ओर गया था। जहां से घर वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। सोमवार की सुबह उसका शव नहर पुलिया में सेकंड माइनर में उतराया मिला।
लोगों ने घटना की जानकारी राजू को दी। ग्रामीणों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।