म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के पड़री ग्राम पंचायत के कमरीडांड़ टोले में बुधवार की देर शाम हाईस्कूल की परीक्षा दे रहे चार दिन से लापता छात्र का कुएं में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की गुमशुदगी के संबंध में परिजनों ने थाने में जरूरी सूचना दी थी। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से निकलवा कर शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए अपने साथ ले गई। म्योरपुर थाना क्षेत्र के पड़री ग्राम पंचायत के कमरीडांड़ में पूर्व प्रधान विश्वनाथ यादव के घर के पास स्थित कुएं में पंकज यादव (16 ) पुत्र सुरूजमन का बुधवार की देर शाम शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस उसके कुएं में गिरने के कारणों की जांच कर रही है। पंकज 19 फरवरी से ही लापता था। वह बिड़ला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के दसवीं का छात्र था। पिता सुरूजमन ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया था कि पंकज की बोर्ड की परीक्षा का केंद्र पिपरी जीआईसी में था। पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर लापता छात्र की तलाश में जुट गई थी। इस बीच उसका शव बुधवार को कुएं में मिला।
ट्रैक्टर के धक्के से साइकिल सवार की मौत
सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के मुठेर गांव के समीप बुधवार की शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से मृत बसौली गांव निवासी रमेश 26 का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया गया है। इंस्पेक्टर ने कहा कि मृतक के परिवार के लोग जो तहरीर देंगे उसके आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।