बभनी क्षेत्र के मृतक-जीनू भारती( फाइल फोटो)स्रोत परिजन
बभनी। बभनी थाना क्षेत्र के अहिरबुढ़वा गांव में बुधवार की रात चार वर्षीय जीनू भारती का शव घर से कुछ दूरी पर कुएं में मिला। वह मौसी की शादी में शामिल होने ननिहाल आया था। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। बृहस्पतिवार की सुबह थाने पहुंचकर नाना ने नाती की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया।
सुनील कुमार भारती का पुत्र जीनू भारती (4) एक सप्ताह पहले अपनी मौसी की शादी में शामिल होने ननिहाल अहिरबुढ़वा गांव आया था। बुधवार रात करीब नौ बजे घर में मंडप की रस्म चल रही थी और शादी की तैयारियों के बीच परिजन व्यस्त थे। इसी दौरान जीनू लापता हो गया। नाना रामबृक्ष जब उसे भोजन कराने के लिए खोजने लगे तो वह कहीं दिखाई नहीं पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
पुलिस की मौजूदगी में हुई तलाश के बाद करीब डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित एक पक्के कुएं में जीनू का शव देखा गया। नाना रामबृक्ष ने बताया कि जीनू की मां की मौत उसके जन्म के एक सप्ताह बाद ही हो गई थी। इस संबंध में बभनी प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।