ओबरा। घर से सिलाई सीखने निकली किशोरी का शव शुक्रवार को रेणुका नदी के किनारे बालू में दबा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने पहुंचकर जानकारी ली।
ओबरा प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम एक व्यक्ति ने अपनी 15 साल की पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट ओबरा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस खोजबीन में जुटी हुई थी कि शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि एक किशोरी का शव नदी किनारे बालू से दबा है। चरवाहे की सूचना पर पुलिस पहुंची। एसपी, एएसपी समेत सर्विलांस और स्वाट की टीम ने भी जानकारी ली। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले व्यक्ति ने शव की शिनाख्त अपनी पुत्री के तौर पर की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। उन्होंने गला दबाकर हत्या करने और शव बालू में दबाये जाने की बात कही है। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के पर्दाफाश लिए दो टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल से किशोरी का आधार कार्ड दो प्लास्टिक के थैले और सब्जी भी पुलिस को मिली है।