राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने पांच हजार के इनामी बदमाश चंद्र प्रकाश को धर दबोचा। पकडे़ गए बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस और 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बदमाश पर विभिन्न थानों में कुल दस मामले दर्ज हैं। पुलिस दो वर्षों से उसकी तलाश में थी। पुलिस अधीक्षक शिव शंकर यादव को शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे सूचना मिली कि दो वर्ष से फरार पांच हजार का इनामी बदमाश ट्रेन पकड़ने के लिए राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन जा रहा है।
एसपी के निर्देश पर राबर्ट्सगंज चौकी इंचार्ज संतोष यादव ने स्टेशन मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी शुरू कर दी। इसी दौरान दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के दुद्धी कस्बा निवासी चंद्र प्रकाश उर्फ पिंटू सोनी उनके हत्थे चढ़ गया।
तलाशी में उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। कोतवाल रमाकांत पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुद्धी कोतवाली में विभिन्न धाराओं में आठ और विंढमगंज थाने में दो मामले पंजीकृत हैं। चंद्रप्रकाश पर वर्ष 2013 में इनाम घोषित किया गया था।