सोनभद्र। जिले में बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर चल रही माथापच्ची खत्म हो गई है। 30 दिसंबर तक दर्ज कराई गई आपत्तियों को बोर्ड ने रद्द कर दिया है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधीन 48 राजकीय, 10 एडेड सहित 202 माध्यमिक काॅलेज संचालित हैं। जहां इस बार 47787 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा में पंजीकृत हैं। नवंबर में जारी परीक्षा केंद्रों की अंतरिम सूची में कुल 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस पर 40 से अधिक आपत्तियां आईं।
कई स्कूलों ने खुद मानक पूरा न करने का हवाला देकर केंद्र न बनाने की गुहार लगाई थी। जिला स्तरीय समिति के समक्ष आपत्तियों के निस्तारण के बाद 76 केंद्रों की अंतिम सूची जारी की गई है। दिसंबर में जारी सूची पर एक बार फिर से आपत्ति मांगी गई थी। जो केंद्रों को सीधे बोर्ड को करनी थी। 30 दिसंबर तक करीब चार काॅलेजों ने आपत्ति दर्ज कराया था। जहां बोर्ड ने अवलोकन के बाद उन्हे रद्द कर दिया है। ऐसे में इस बार पिछले साल परीक्षा केंद्रों 80 से चार कम कुल 76 केंद्र होंगे। जबकि 3165 परीक्षार्थी भी कम होंगे। पिछले साल की परीक्षा में जहां बोर्ड परीक्षा को लेकर 50952 छात्रों का नामांकन था, तो इस बार 47787 छात्र-छात्राओं का बोर्ड परीक्षा में पंजीकरण है।
जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए केंद्र की सूची के अनुसार अन्य तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। - राजेंद्र यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक।