चोपन थानाक्षेत्र के सलखन बाजार में मंगलवार की रात बंटवारे के विवाद में सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लाठी और पत्थरबाजी में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की बुधवार को वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। बड़े भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
सलखन बाजार निवासी स्व. बैजनाथ के पुत्र समाकांत उर्फ संतु और राकेश के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद में मंगलवार की देर रात दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। एक पक्ष ने लाठी-डंडे से हमला किया तो दूसरी ओर से जमकर पथराव हुआ। इसमें राकेश (40) और उसका बड़ा भाई समाकांत (45) घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने राकेश को वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी में उपचार के दौरान बुधवार को दोपहर में राकेश की मौत हो गई। चोपन थाना प्रभारी नवीन तिवारी ने बताया कि मंगलवार की रात में ही मारपीट का मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौत के संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है। परिवार के लोग वाराणसी गए हैं। वहां से लौटने पर तहरीर देंगे। उसके आधार पर धाराओं में तब्दीली की जाएगी।