रेणुकूट। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह की पहली पुण्यतिथि पर नगर में आयोजित रक्तदान शिविर में बुधवार को कुल 125 यूनिट रक्तदान हुआ। शिविर की शुरूआत पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय शंकर मिश्र व थाना प्रभारी अभय नारायण तिवारी ने पूर्व चेयरमैन के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। नगर पंचायत अध्यक्ष निशा सिंह व प्रयास फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान शिविर में कुल 170 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
इसमें 125 लोगों ने रक्तदान कर प्रदेश के इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया। 25 मार्च से शुरू हुए लॉकडाउन के बाद अब तक आयोजित शिविर में सहारनपुर में 118 यूनिट रक्तदान हुआ था। रेणुकूट नगर में बुधवार को हुए शिविर ने वहां का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया। शिविर में 14 महिलाओं और सात कपल ने भी रक्तदान किया। प्रयास फाउंडेशन के सचिव दिलीप दुबे ने बताया कि पूर्व चेयरमैन शिव प्रताप सिंह ने अपने अल्प जीवन काल में 74 बार रक्तदान किया था। इसलिए शिविर में 75 या इससे ज्यादा यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था। इस दौरान चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष फरीदा बेगम, चोपन ब्लाक प्रमुख बबली, पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय प्रताप सिंह, सौरभ मौर्य, हरदेव नारायण सिंह, आशीष सिंह, अजय राय, लल्लन राय, मनोज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।