एडीएम सहदेव मिश्रा ने मंगलवार को सीएचसी दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिली खामियों पर कड़ी नाराजगी जताई। ब्लड बैंक के प्रभारी के अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की बात कही।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने सबसे पहले केंद्र अधीक्षक डॉ. शाह आलम को बुलाया। उनके अवकाश पर होने के कारण पूर्व अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने उनका प्रतिनिधित्व किया। अस्पताल संचालन के समय पहुंचे एडीएम ने इलाज कराने आए मरीजों से दवा, एक्सरे, खून जांच, डिलीवरी सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायत पर दवाइयों का स्टॉक खत्म होने के पूर्व डिमांड बनाकर जिला स्वास्थ्य विभाग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बाहर की दवाइयां कतई न लिखे जाने के कड़े निर्देश दिए। उपस्थिति पंजिका से चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन कर चिकित्सकों के कक्ष में जाकर उनकी उपस्थिति का मुआयना किया। कुछ चिकित्सकों के क्षेत्र भ्रमण की सूचना पर मूवमेंट रजिस्टर चेक किया जिसमें भ्रमण स्थल की कोई सूचना अंकित न होने पर नाराजगी जाहिर की। ब्लड बैंक पहुंचकर प्रभारी को तलब किया। सुबह 11.30 तक ब्लड बैंक प्रभारी के न आने पर एडीएम ने नाराजगी जताई। फार्मासिस्ट अखिलेश सिंह से मौजूदा स्टॉक, खारिज रजिस्टर आदि की गहनता से निरीक्षण करने के बाद स्थायी ब्लड डोनरों की जानकारी ली। फार्मासिस्ट के सहारे संचालित हो रहे ब्लड बैंक के अनुपस्थित प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रकाश चंद जायसवाल के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।