सोनभद्र। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने के उद्देश्य से ब्लॉक वार विशेष कैंप लगाया जाएगा। सभी ब्लॉकों में कैंप आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो निर्धारित तिथि पर कैंप में उपस्थिति होंगे। योजना से वंचित परिवारों को जोड़ा जाएगा। डीएम चंद्रविजय सिंह के निर्देश के पश्चात कैंप लगाने की कवायद में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी जुट गए हैं।
प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश खैरवार ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली कन्या सुमंगला योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों को दिया जाना है। डीएम के निर्देश पर सभी ब्लॉकों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कैंप लगाकर निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य, मुख्यमंत्री कोविड-19 योजना के बारे में लोगों को जानकारी देकर लाभान्वित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष लगभग सभी लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत दंपती की दो कन्या संतानों तक उन्हें छह चरणों में किस्तों के रूप में उनके खाते में 15 हजार रुपये की धनराशि दी जाती है, जो कन्या के जन्म से लेकर पढ़ाई तक विभिन्न प्रकार से काम आती है। ब्लॉक वार कैंप की शुरुआत 20 अक्तूबर को घोरावल ब्लॉक से होगी। 21 अक्तूबर को करमा ब्लॉक, 22 को राबर्ट्सगंज, एक नवंबर को चतरा, दो को नगवां, तीन को चोपन, चार को कोन, पांच को म्योरपुर, सात नवंबर को बभनी ब्लॉक और नौ नवंबर को दुद्धी ब्लॉक परिसर में कैंप लगाया जाएगा। नोडल अधिकारी की देख रेख में कैंप लगाया जाएगा।
सुरक्षात्मक माहौल का होगा सृजन
जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश खैरवार ने बताया कि यह योजना महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना से जहां कन्या भ्रूण हत्या में काफी हद तक कमी आएगी। वहीं बालिकाओं के लिए एक सुरक्षात्मक माहौल का सृजन भी होगा। इसके अलावा योजना से बालिका में समानता का भाव आएगा और वह समाज के लिए अपना योगदान दे सकेंगी।
इस तरह मिलता है लाभ
बालिका के जन्म के समय 2000 रुपये, बालिका के एक साल का होने और संपूर्ण टीकाकरण पर एक हजार रुपये, बालिका के कक्षा एक में नामांकन कराने पर दो हजार रुपये, कक्षा पांच में नामांकन होने पर दो हजार रुपये, बालिका के कक्षा नौ में नामांकन करने पर तीन हजार रुपये, बालिका के हाईस्कूल के बाद दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम में नामांकन करने या बालिका के 12वीं उत्तीर्ण होने के बाद स्नातक प्रथम वर्ष में नामांकन कराने पर पांच हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाती है।