कनहर सिंचाई परियोजना की सोमवार को तहसील सभागार में प्रशासन, सिंचाई विभाग और विस्थापितों की बैठक हुई। इसमें विधायक रूबी प्रसाद ने कहा कि प्रशासन विस्थापित परिवार को मुआवजे की पूरी राशि दे। उन्हें पुनर्वास कालोनी में बसाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोहिया आवास पर मुहर लगा दी है, जो जल्द ही विस्थापितों को मिलेंगे। साथ ही विस्थापितों को मुआवजा राशि देकर ही ब्लास्टिंग करने की बात कही। पुनर्वास कॉलोनी में प्राथमिक विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, बिजली, पानी की व्यवस्था सिंचाई विभाग करने को कहा।
इस अवसर पर एसडीएम भानु प्रताप सिंह ने कहा कि जिन्हें मुआवजा राशि मिली है वो पुनर्वास कॉलोनी में रहें। पानी से घिरे लोगों का सर्वे दो महीने के अंदर हो जाएगा। प्रपत्र 11 की भी सूची एक सप्ताह में प्रकाशित हो जाएगी, साथ ही विस्थापन सूची में छूटे लोग भी अपना आवेदन कर सकते हैं।
अधिशासी अभियंता विजय कुमार ने कहा कि विस्थापितों के सहयोग से ही निर्माण कार्य हो रहा है। शासन कनहर परियोजना के विस्थापितों को तीन पीढ़ी तक मुआवजा दे रही है। कहा 1810 में से अब तक 1669 को दो लाख हजार व करीब 680 को सात लाख 11 हजार की राशि मिल चुकी है।
क्रय-विक्रय अध्यक्ष जुबेर आलम, विस्थापित नेता सलाहुद्दीन, फनेश्वर जायसवाल, पंकज भारती, इदरीश ने कहा कि विस्थापितों की मुआवजा धनराशि देने के बाद, सूची प्रकाशन के बाद ही डूब क्षेत्र में ब्लास्टिंग हो। इस मौके पर कैलाश यादव, सीओ मनमोहन पांडेय, एक्सईएन कनहर हेमंत वर्मा, रमेश भारती, हशनैन बहादुर अली, सुधीर शर्मा आदि मौजूद रहे।