जिले में हूटर और काली फिल्म लगाकर दबदबा बनाने वाले नेताओं पर पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। राबर्ट्सगंज में कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने भाजपा, अपना दल के कई नेताओं के वाहनों से हूटर और काली फिल्म उतरवा दिया। इस दौरान नेताओं और पुलिस में नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस का पारा देख नेता शांत होकर चले गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने मातहतों को नियमों का उल्लंघन कर फर्राटे भर रहे वाहनों से हूटर और काली फिल्म हटवाने का निर्देश दिया है। राबर्ट्सगंज के मेन चौक के समीप भ्रमण के दौरान सदर एसडीएम रमेश कुमार, सीओ राहुल पांडेय और कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय को एक कार में हूटर लगा दिखा। कोतवाल ने चालक से हूटर निकलवा दिया।
जानकारी होने पर कार स्वामी भाजपा नेता भी पहुंच गए और हूटर निकालने का विरोध शुरू कर दिया लेकिन पुलिस के आगे उनकी नहीं चली। बढ़ौली चौक के पास पुलिस ने सांसद का प्रतिनिधि बताने वाले एक नेता के स्कार्पियो से हूटर उतरवा दिया। अपना दल के एक पदाधिकारी के स्कार्पियो से काली फिल्म उतरवाई। कई वाहनों से फिल्म उतरवाई गई। कोतवाल ने कहा कि हूटर और फिल्म लगाकर चलने वाले तीन वाहनों का चालान भी किया गया है।