आसनडीह गांव में मंगलवार की शाम खेत में मूंगफली उखाड़ते समय एक वृद्ध महिला को सर्प ने डस लिया। सर्पदंश से महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार सहोदरी देवी (65) पत्नी राजू निवासी आसनडीह अपने खेत में मूंगफली उखाड़ रही थी। उसी समय सर्प ने उसे डस लिया। सर्प के काटते ही महिला चीखते हुए घर की ओर भागी और पति को सांप के डसने की जानकारी दी। पति राजू महिला को बभनी सीएचसी ले जा रहा था मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजन उसे वापस घर लेकर चले गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया। एसओ ने कहा कि शव का पीएम कराने की कार्यवाही की जा रही है।