यूपी के सोनभद्र में पुलिस ने सोमवार की शाम छापेमारी करके बाड़ी स्थित एक मकान से जुआ खेलने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। आरोपियों में भाजपा के जिला महामंत्री भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी को सोमवार की शाम साढ़े छह बजे सूचना मिली कि बाड़ी स्थित एक वर्कशॉप में लोग जुआ खेल रहे हैं। इस पर सीओ ओबरा भास्कर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की।
इस दौरान चोपन निवासी भाजपा जिला महामंत्री रामसुंदर निषाद, मनोज कुमार अग्रवाल, मंजर अली, गोविंद कुमार, सरोज कुमार, मुन्नन ऊर्फ मुजीब आलम, अंकुर, सैफुल्ला अंसारी, ओबरा निवासी दिनेश अग्रहरी, संदीप जिंदल, रविन्द्र कुमार अग्रहरि और डाला निवासी संकठा मौर्या को जुआ खेलते गिरफ्तार कर लिया गया। फड़ से 36,130 रुपये और जमा तलाशी में 33,100 रुपये बरामद हुए।
इसके अलावा 11 बाइक और कार भी पुलिस ने जब्त कर ली। सोनभद्र के भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा का कहना है कि रामसुंदर निषाद भाजपा जिला कार्यकारिणी में जिलामंत्री हैं। वे न तो जुआ खेलते हैं और नहीं खेलवाते हैं। पुलिस ने द्वेषवश कार्रवाई कर फंसाया है। रामसुंदर चोपन थानाक्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध आवाज उठाते रहे हैं, इसलिए चोपन पुलिस ने कार्रवाई की है।