प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानंद ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजम के चित्र पर माल्यार्पण किया। कहा कि सरकार ने महान गणितज्ञ के जन्म दिन को 2011 में राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में मनाने का फैसला करके एक महान कार्य किया। ऐसे में हम इस सप्ताह को व्याख्यान, निबंध, क्विज एवं प्रदर्शनी के माध्यम से गणित दिवस मनाने का संकल्प लेते हैं। प्रधानाचार्य डा. एस नाथ, गणित के अध्यापक जेपी मौर्या ने उनके आरंम्भिक काल, गणित साधना एवं उनके संघर्ष के समय को विस्तारपूर्वक सभी शिक्षकों एवं शिक्षार्थियों के सामने प्रस्तुत किया।
इस मौके पर शत्रुधन विश्वकर्मा, नीरज श्रीवास्तव, कमलेश जायसवाल, अभय तिवारी, ज्योति खत्री आदि मौजूद रही।
अनपरा संवाददाता के अनुसार गणित सप्ताह के अंतगर्त डीएवी अनपरा और बीना में बुधवार को भाषण और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अनपरा में प्रधानाचार्य जेपी मिश्रा, अरविंद सिंह के निर्देशन में कार्यक्रम कराए गए। भाषण प्रतियोगिता के दौरान गणित के शिक्षण को रामानुजन ने किस तरह जनसामान्य का विषय बनाया और इसके शिक्षण को कैसे सरल बना सकते हैं, इन चीजों पर प्रकाश डाला गया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की समझ जांची गई।
इसी तरह डीएवी बीना में प्रधानाचार्य एके सिंह के निर्देशन में विद्यार्थियों ने भाषण और निबंध प्रतियोगिता के लिए जरिए अपनी वाक एवं लेखन शैली का परिचय दिया। सप्ताह के अंत तक गणित पर विविध आयोजन जारी रहेंगे।