सोनभद्र। जिले की एकमात्र नगरपालिका राबर्ट्र्सगंज में हाल के महीने में नगरपालिका के लिए इलेक्ट्रानिक सामानों की आपूर्ति में तय अधिकतम कीमत से काफी ज्यादा मूल्य तय कर बिलिंग किए जाने का मामला सामने आया है। भुगतान के टेबल पर फाइल पहुंचने के बाद जब यह मामला संज्ञान में आया तो इसकी छानबीन शुरू कर दी गई।
संबंधित कंपनी से सामान की वास्तविक कीमत सूची मांगने के साथ ही, आपूर्तिकर्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। नगरपालिका राबर्ट्सगंज की तरफ से गत 20 जून को 40 लाख लागत के इलेक्ट्रानिक सामानों का टेंडर मांगा गया था।
इसमें एलईडी स्ट्रीट लाइट, ड्राइवर किट, चोक कापर हाईमास्ट, चोक कापर सोडियम, एलईडी वल्ब, हाईमास्ट वल्ब, मरकरी वल्ब, इग्रेटर, तार इलेक्ट्रानिक, केबल तार, तार कापर, टेप बड़ा, डीपी स्विच, सेफ्टी बेल्ट, सेफ्टी दस्ताना की आपूर्ति मांगी गई थी।
टेंडर शर्त में स्पष्ट इंगित किया गया था कि वांछित सामानों की खरीददारी एमआरपी दर से अधिक दरों पर पाए जाने पर निरस्त कर दी जाएगी। दो फर्मों को आपूर्ति ठेका स्वीकृत किया गया। इसमें एक को 28 और दूसरे को बारह लाख के आपूर्ति की अनुमति दी गई।
बताते हुए हैं कि 28 लाख की आपूर्ति वाले फर्म की तरफ से टेंडर स्वीकृत होने के बाद जो आपूर्ति दी गई है, उसमें एमआरपी से भी ऊंचे दर पर सामान की आपूर्ति दर्शाते हुए बिलिंग भेज दी गई। सूत्र बताते हैं कि 70 से 90 रुपये के सामान की कीमत 242 और 1700 रुपये वाले सामान की कीमत करीब चार हजार तय करते हुए बिलिंग कर भुगतान की लिए फाइल प्रस्तुत की गई।
संबंधित पटल सहायक के यहां से फाइल भुगतान स्वीकृति के लिए अधिशासी अधिकारी के यहां पहुंच भी गई। जब उन्होंने अपने स्तर से दर के बारे में पता चला कि अधिकतम कीमत (सभी कर सहित) से काफी अधिक की बिलिंग की गई है।
अधिकतम तय कीमत से अधिक की बिलिंग किए जाने के मामले में संबंधित कंपनी को ई-मेल कर आपूर्ति हुए सामानों की वास्तविक दर सूची मांगी गई है। आपूर्तिकर्ता को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो बिल कैंसिल करते हुए संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्टेड करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।- प्रदीप गिरि,अधिशासी अधिकारी