वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित एनसीएल कृष्णशिला महाप्रबंधक कार्यालय के पास बुधवार रात ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार डिप्लोमा छात्र की मौत हो गई। हादसे में घायल दो युवाओं की स्थिति गंभीर बनी है। घटना का कारण ट्रेलर चालक के अचानक वाहन को घुमाना बताया जा रहा है। उग्र ग्रामीण बृहस्पतिवार सुबह एनसीएल बीना के जीएम आवास के सामने धरने पर बैठ गए। मृतक आश्रित को मुआवजे की मांग की। ट्रक और ट्रेलरों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा।
एनसीएल बीना कोयला क्षेत्र से रोजाना ट्रक-ट्रेलर कोयला लेकर निकलते हैं। ट्रक ट्रेलर मुख्य मार्ग पर खड़े होते हैं। इसी के चलते दुर्घटनाएं होती है। आसपास के ग्रामीण व व्यापारी लंबे अरसे से बड़े वाहनों की सड़क से अलग पार्किंग स्थल बनाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात साढ़े दस बजे बाइक सवार तीन युवक बीना से कोहरौलिया की तरफ आ रहे थे। कृष्णशिला महाप्रबंधक कार्यालय के पास आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक वाहन को घुमा दिया। इसके चलते बाइक सवार ट्रेलर के पिछले हिस्से में भिड़ कर चोटिल हो गए। पुलिस एवं आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से तीनों घायलों को बीना के अटल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर सभी को एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चंदन (18) पुत्र शिव प्रसाद निवासी जवाहर नगर घरसड़ी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राहुल पटेल (24) को वाराणसी रेफर कर दिया गया। इंद्रजीत उर्फ बंटी (20) का इलाज नेहरू अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीण एवं मृतक परिवार के लोग बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे बीना महाप्रबंधक आवास पहुंच पर धरना पर बैठ गए। विस्थापित नेता राजन कुमार, घरसड़ी प्रधान प्रतिनिधि ओम नारायण, कोहरौलिया प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुमार, मिसरा प्रधान प्रतिनिधि राम कुमार गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य आकाश, पूर्व प्रधान सत्य प्रकाश भारती के साथ मृतक परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई, पार्किंग व्यवस्था व मुआवजा की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।