बभनी। रेणुकूट-बीजपुर मुख्य मार्ग पर असनहर गांव में सोमवार की देर शाम दाल मिल के समीप टायर फटने से बााइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
नधिरा निवासी मुन्ना प्रसाद (24), मानसिंह (22) और पप्पू (18) बाइक से बभनी आए थे। देर शाम करीब सात बजे तीनों घर जा रहे थे। असनहर दाल मिल के समीप अचानक बाइक का अगला टायर फट गया। इससे अनियंत्रित हुई बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तीनों सवार सड़क पर गिर गए। तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी बभनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुन्ना प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। मानसिंह काे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। सुबह आगे की कार्रवाई की जाएगी।