महुली। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में रीवा-रांची राजमार्ग पर रविवार की रात में एक ट्रक से कुचलकर बाइक सवार जीजा व साले की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीराचक गांव निवासी अजय कुमार (26) पुत्र राम निहोर भुइंया का साला इन दिनों आया हुआ था। दोनों बाइक से रविवार की शाम को ही कहीं गए थे। रात करीब नौ बजे बाइक से लौट रहे थे। रीवां-रांची नेशनल हाईवे पर जोरुखाड़ गांव के पास पहुंचे थे तभी एक ट्रक की चपेट में आ जाने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने इस घटना की जानकारी 112 नंबर डायल कर इसकी सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर में पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को लेकर दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गई। वहां कुछ देर इलाज के बाद अजय की मौत हो गई। उधर, जोगेंद्र (22) पुत्र विश्वनाथ निवासी जमुई, झारखंड की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोग जिला अस्पताल ले जा रहे थे तभी रास्ते में जोगेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की जानकारी जैसे ही परिवार के लोगों को हुई तो उनमें कोहराम मच गया।