राजगढ़ रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। इसके साथ ही दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक सवार एक साथ निकले थे लेकिन चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। जैसे ही बाइक राजगढ़ रोड पहुंची रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित हो गई और पक्की नहर में जा गिरी। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मधुपुर स्थित सुकृत चौकी क्षेत्र के मझुई गांव के समीप राजगढ़ रोड पर मंगलवार की देर शाम बाइक सवार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उसके दो साथी गंभीर रुप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के परसौना गांव निवासी संजय पांडेय (24) केकराही निवासी महेंद्र प्रजापति (23) और अमरजीत गुप्ता (20) के साथ किसी मुकदमे के सिलसिले चंदौली गया था। देर शाम तीनों बाइक से लौट रहे थे। राजगढ़ रोड पर मझुई गांव के समीप मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पक्की नहर में गिर गई।
नहर की दीवार से टकराने से बाइक चला रहे संजय की मौके पर ही मौत हो गई। उसे सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं महेंद्र और अमरजीत को सुकृत चौकी प्रभारी चंद्रभान सिंह ने सीएचसी मधुपुर भेजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।