सडक हादसे में मृतक - अमरज्योत सिंह(फाइल फोटो) स्रोत परिजन
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी फ्लाईओवर के आगे स्थित पेट्रोल पंप के समीप बृहस्पतिवार की सुबह हाईवे पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में रॉबर्ट्सगंज के कपड़ा व्यापारी व भाजपा नेता के बेटे अमरज्योति सिंह उर्फ निहाल (20) की मौत हो गई। युवक के सिर और कमर में गंभीर चोट लगी थी। बुलेट बाइक के भी परखचे उड़ गए। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। रॉबर्ट्सगंज के दीपनगर (वार्ड सात) निवासी सरदार संतोष सिंह की मेन चौक पर कपड़े की दुकान है। वह भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक भी हैं। उनका बेटा अमरज्योति सिंह उर्फ निहाल (20) भी उनके साथ दुकान संभालता था। सुबह नौ बजे वह बाइक लेकर घर से दुकान के लिए निकला था। गुरुद्वारा जाकर मत्था टेकने के बाद वह वहां से मेन चौक तक तो आया लेकिन दुकान पर न रुककर आगे बढ़ गया। बताते हैं कि उसके मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी और इसके बाद वह मधुपुर की तरफ निकल लिया। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर वह जैसे ही हिंदुआरी फ्लाईओवर से आगे बढ़ा, बाइक पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर तेज होने के कारण बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। निहाल के सिर में गहरी चोट आई और कमर टूट गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पाकर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां दोपहर में पोस्टमार्टम कराया गया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि पिता संतोष की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि उसने लापरवाही पूर्वक हाईवे पर ट्रक खड़ा कर रखा था, जिससे यह हादसा हुआ। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के लोगों को जैसे ही हादसे की खबर मिली, माता-पिता अवाक रह गए। निहाल की शादी नहीं हुई थी। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। मां के साथ दोनों बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। उसके फोन पर किसकी कॉल आई थी? ऐसी क्या वजह थी कि वह दुकान पर रुकने के बजाय सीधे हिंदुआरी फ्लाईओवर पहुंच गया? इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। दुर्घटना के दौरान मोबाइल क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण भी इसके बारे में पता नहीं चल पा रहा है। व्यवसायी, रहवासियों के साथ ही विधायक भूपेश चौबे, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव सहित कई लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढ़स बंधाया। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग का फ्लाईओवर जोन दुर्घटना के लिहाज से काफी खतरनाक होता जा रहा है। मधुपुर स्थित फ्लाईओवर के उत्तरी हिस्से में बुधवार को नानी को बाइक से इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय बस की टक्कर से नानी-नाती दोनों की मौत हो गई थी। वहीं बृहस्पतिवार को हिंदुआरी फ्लाईओवर के उत्तरी हिस्से में बेतरतीब तरीके से खड़े ट्रक से टकराकर व्यापारी के पुत्र की जान चली गई। इससे पहले रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के पास ट्रक से स्कूटी सवार मां-बेटी कुचल गए थे। उपचार के दौरान बेटी की मौत हो गई थी।