रामगढ़। पन्नूगंज थानाक्षेत्र के चंदपुरवा गांव में बुधवार की शाम कुएं से जहरीली गैस निकलने से महेश बिंद (52) की मौत हो गई। वह धान की रोपाई के लिए मोनोब्लॉक पंप लगाने के लिए कुएं में उतरे थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदपुरवा निवासी महेश बिंद (52) बुधवार की शाम लगभग पांच बजे धान की रोपाई के लिए कुएं में मोनो ब्लॉक पंप लगाने उतरे थे। पुराना कुआं काफी गहरा और संकरा था। अंदर जहरीली गैस के प्रभाव से उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। शोर गुल मचाने पर परिजन नीचे उतारे और बेहोशी की हालत में बाहर ले आए। आनन-फानन लोगों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी ले जाने की सलाह दे दी लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पन्नूगंज थाना प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।