म्योरपुर थाना क्षेत्र के नवाटोला गांव के पास सोमवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई थी। मंगलवार की सुबह म्योरपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फाटपखना गांव निवासी राजेश कुमार (23) अपनी बुआ को उनके घर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर छोड़कर सोमवार की देर शाम घर लौट रहा था। देवरी नवाटोला के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में राजेश को गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों की मदद से उसे म्योरपुर सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। वहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
परिजन मंगलवार की सुबह शव लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।