बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के दरनखाड़ गांव में शनिवार की देर शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। युवक छत्तीसगढ़ रिश्तेदार के यहां से अपने घर मिर्जापुर जा रहा था।
शनिवार की शाम राजेश कुमार प्रजापति (22) पुत्र गणेश प्रजापति निवासी सुक्लहा, थाना कटरा जिला मिर्जापुर अपने रिश्तेदारी छत्तीसगढ़ से अपने घर मिर्जापुर जा रहा था। बभनी थाना के दरनखांड़ गांव में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आस पास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल बभनी पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। उप निरीक्षक संजय पाल ने बताया कि युवक छत्तीसगढ़ अपने रिश्तेदारी में गया था कि अचानक दरनखाड़ में सड़क के किनारे स्थित विद्युत पोल से टकरा गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।