सोनभद्र। पुलिस लाइंस चुर्क सभागार में शनिवार को आयोजित गोष्ठी में जिले के पुलिस नोडल अधिकारी/अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी बृज भूषण ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की। इसमें अभियोजन शाखा के संयुक्त अभियोजन अधिकारी/वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी एवं समस्त अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे। एडीजी ने मातहतों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस लाइंस और सदर कोतवाली का निरीक्षण किया। इसके पूर्व सर्किट हाउस लोढ़ी में एडीजी ने गार्द की सलामी ली।
गोष्ठी में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एडीजी ने जनपद में तीन वर्ष में अपराध के आकड़े, लूट, चैन स्नैचिंग/हत्या/पास्को एक्ट/वाहन चोरी एवं नकबजनी, सांप्रदायिक अपराधों की रोकथाम, गोकशी एवं गोवंश तस्करी की घटनाओं में गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14 (1) के अन्तर्गत की गयी कार्यवाही या प्रस्तावित कार्यवाही की समीक्षा किया। अनावरण हेतु शेष डकैती, लूट, हत्या, बलात्कार एवं फिरौती हेतु अपहरण के अपराधों का विवरण, विवेचनाधीन अपराधों में कृत कार्यवाही का विवरण, नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019 से संबंधित लंबित विवेचनाओं का विवरण, अपराधियों की खोली गयी एच.एस. का संख्यात्मक विवरण, पंजीकृत कराए गए गैंगों का संख्यात्मक विवरण, पुरस्कार घोपित अपराधियों के विरूद्ध और उ0प्र0 गिरोहबन्द अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टॉप 10 अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही की समीक्षा करते हुए कहा कि अशांति का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव, एएसपी ओपी सिंह आदि मौजूद रहे।
एडीजी ने किया निरीक्षण
सोनभद्र। एडीजी ने पुलिस लाइन, मुख्य गेट पर स्थापित कोविड-19 केयर हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक दिशा- निर्देश दिया। उन्होंने बैरकों में साफ-सफाई और पुलिस कर्मियों को दी जा रही सुविधाओं को भी देखा। इसके बाद एडीजी ने थाना राबर्ट्सगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान थाना राबर्ट्संगज परिसर का जायजा लेते हुये बैरक, थाना कार्यालय तथा थाना पर स्थापित कोविड-19 केयर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर प्रभारी निरीक्षक राबर्ट्सगंज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। यहां से एडीजी ने बढ़ौली चौक पहुंच कर बंदी का भी जायजा लिया।