कोन-तेलगुड़वा मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता पर विधायक भूपेश चौबे ने सवाल उठाया है। शनिवार को सर्किट हाउस में पीडब्ल्यूडी के अफसरों के साथ बैठक में विधायक ने अफसरों को खराब कार्यों पर खूब खरी-खोटी सुनाई।
कहा कि जनता के पैसे से हो रहे कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। इसकी बर्बादी की तो कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए।
दरअसल विधायक ने शुक्रवार को तेलगुड़वा से कोन मार्ग पर हो रहे सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया था। मौके पर गिट्टी और मिट्टी की परत बगैर मानकों के बिछाई जा रही थी। काम में अनियमितता और घटिया सामग्री देख उनका गुस्सा भड़क उठा।
विधायक ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई। शनिवार को सर्किट हाउस में बैठक बुलाकर उन्होंने कड़े शब्दों में चेताया कि अगर कार्य में सुधार नहीं हुआ तो सीधे मुख्यमंत्री से शिकायत कर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा विकास में लगना चाहिए, दिखावे में नहीं। अफसर एसी दफ्तरों में बैठकर खाना पूर्ति न करें। ये जनता के विश्वास के साथ धोखा है। बैठक में पीडब्ल्यूडी के विभिन्न खंडों के अधिकारी मौजूद रहे।