सोनभद्र। जिले में गिट्टी परिवहन के नाम पर फिर से बड़ा खेल शुरू हो गया है। एमपी के रीवां और सतना के परमिट पर राबर्ट्सगंज खनिज प्रवर्तन चेक पोस्ट से रोजाना ट्रकें पार कराई जा रही हैं। बगैर परमिट के भी वाहन गुजारे जा रहे हैं। गुरुवार को इसमें शामिल पाए जाने पर बैरियर इंचार्ज ब्रह्मानंद तिवारी को हटा दिया गया जबकि दूसरे बैरियर इंचार्ज रघुराज सिंह के भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही बगैर परमिट वाहन पार कराने के मामले में तीन थानों के एक-एक पुलिसकर्मियों के शामिल होने की बात सामने आई है। वहीं बुधवार को एसडीएम सदर शादाब असलम ने गिट्टी लदे एक वाहन को कब्जे में लिया। चालक वाहन को छोड्कर फरार हो गया।
बिना परमिट के गिट्टी लदे वाहनों को पार कराने के लिए एक पूरा सिंडिकेट काम कर रहा है। इसमें प्राइवेट लोग भी शामिल हैं। डाला-ओबरा इलाके से बगैर परमिट गिट्टी लोड की जाती है। इसके बाद उसे रीवां और सतना के परमिट के सहारे बैरियर से पार करा लिया जाता है। वहीं कई वाहन ऐसे भी हैं, जिन्हें बगैर परमिट के ही पार कर दिया जाता है। इसके लिए चोपन के एक पेट्रोल पंप संचालक, चोपन और मारकुंडी के एक-एक ट्रांसपोर्टर वाहनों का लोकेशन और मार्का बैरियर कर्मियों को बताते हैं। इसके बाद प्रति वाहन एमपी परमिट वाले वाहन से पांच सौ, बिना परमिट वाले से एक हजार वसूल कर जाने दिया जाता है। इससे उतर बगैर परमिट वाले गिट्टी लदे वाहनों से ओबरा थाने का एक सिपाही, चोपन बैरियर पर चोपन थाने का कारखास और राबर्ट्सगंज में फ्लाईओवर के उपर और नीचे राबर्ट्सगंज थाने का एक कारखास इन वाहनों से रुपये लेते हैं। राबर्ट्सगंज थाने का सिपाही बकायदे एक जीप में तीन से चार स्टाफ को लेकर तीन किलोमीटर के पुल पर राउंड लगाकर बिना परिमट के वाहनों से वसूली करता है। उधर, एसडीएम सादाब असलम ने कहा कि बुधवार को उन्होंने बगैर परमिट के गिट्टी लदा ट्रक पकड़ा था। ड्राइवर गाड़ी खड़ा कर भाग गया। वाहन को उन्होंने खनिज विभाग को सुपुर्द कर चेक पोस्ट पर खड़ा करा दिया था। वहीं खान अधिकारी अनंत सिंह ने कहा कि फोर्स की कमी के कारण वाहनों की चेकिंग में दिक्कत आ रही है। बैरियर पर एक ही स्टाफ है। लोग लडने-झगडने को तैयार हो जा रहे हैं। लगातार शिकायत को देखते हुए चेकपोस्ट इंचार्ज ब्रह्मानंद तिवारी को वहां से हटाकर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।