सोनभद्र। पुलिस लाइन स्थित सभागार में सोमवार को व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक हुई हुई। बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं और पुलिस अधिकारियों ने उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने मादक पदार्थों की फुटकर बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप व्यापारियों और जनहित से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारी हित से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि जनपद में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इसके पीछे मादक पदार्थों की फुटकर बिक्री जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बड़े स्तर पर नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने में सफलता पाई है, लेकिन फुटकर बिक्री अब भी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने चोरी के सामान की खपत पर नियंत्रण के लिए भी सख्त कदम उठाने की मांग की। कौशल शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं को भी गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट की पहचान कर इंजीनियरिंग सुधार किए जाएं, ओवरलोड ट्रक और अवैध खनन वाहनों पर कार्रवाई हो। स्कूलों व भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में रंबल स्ट्रिप्स बनाए जाएं तथा उरमौरा मोड़ पर समतल हो चुके स्पीड ब्रेकर को दुरुस्त किया जाए। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट चेकिंग अभियान निरंतर चलाने की जरूरत है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अवैध रूप से सूदखोरी का धंधा तेजी से बढ़ रहा है। गरीब व छोटे दुकानदार इसके शिकार हो रहे हैं। उन्होंने निजी व सरकारी अस्पतालों में विद्युत सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। बैठक में राजेश जायसवाल, प्रशांत जैन, अभिषेक केसरी, सिद्धार्थ सांवरिया, अमित अग्रवाल, कृष्णा सेठ, बबलू सेठ, राजेश, दिलकरण सिंह आदि व्यापारी मौजूद रहे।