सदर कोतवाली पुलिस और खान विभाग की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश के परमिट पर गिट्टी का परिवहन कर रहे तीन ट्रकों को पकड़ा। उनके चालकों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस मामले में वाहन स्वामियों, क्रशर प्लांट संचालकों समेत सात लोगों की तलाश में जुटी है।
सदर कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने चंडी होटल के पास से गिट्टी लदे तीन संदिग्ध ट्रकों को रोका। उनके कागजात की जांच की गई तो मामले की पोल खुली। तीनों ट्रकों पर डाला से डोलो स्टोन गिट्टी लादी गई थी, जबकि परमिट मप्र का था।
तीनों ट्रकों के चालक चंदौली के मझगांई निवासी मुख्तार अहमद, नौगढ़ के भैसोड़ा निवासी फिरोज और सुकृत के तकिया निवासी अजहर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कोतवाल ने बताया कि इस मामले में तीनों वाहन स्वामी नाजमुद्दीन उर्फ मुन्ना, मुज्जम आलम, नजरे इमाम, क्रशर प्लांट प्रसाद इंडस्ट्रीज सेकंड, मैहर लक्ष्मी स्टोन प्रोडक्ट्स, वंदना स्टोन स्थित ग्राम रासपहरी के मालिक, मप्र के क्रशर प्लांट संचालक चितरंगी निवासी कंचन देवी बैस के विरुद्ध संगठित रूप से षडयंत्र रचकर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ऐसा किया जा रहा था।
मामले में तीनों चालक, वाहन स्वामियों व क्रशर प्लांट संचालकों सहित दस लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूट रचित दस्तावेज बनाने, आपराधिक साजिश रचने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। तीनों चालक को जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र राय के अलावा खान निरीक्षक मनोज कुमार आदि शामिल रहे।