सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग स्थित खनिज चेकपोस्ट पर तैनात खनन कर्मियों द्वारा रिश्वत लेकर बिना प्रपत्र के गिट्टी-बालू लदे वाहनों को पार कराए जाने की शिकायतों की जांच शुरू हो गई। जांच अधिकारी/एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि इस बाबत शिकायतकर्ताओं के अलावा जो व्यक्ति जानकारी रखता हो वह साक्ष्य उनके कार्यालय में दे सकता है।
डीएम एस.राजलिंगम ने जिले में अवैध खनन, बगैर एमएम 11 के परिवहन पर रोक लगाने के लिए उपजिलाधिकारियों, संभागीय परिवहन, खनन, वन समेत अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया है। लेकिन कुछ ओवरलोड वाहनों का चालान व सीज कर इतीश्री कर लिया जा रहा है। खनिज चेकपोस्ट पर तैनात कई खनन कर्मियों, पुलिस की सहयोग से बिना परमिट के ओवरलोड वाहन अभी भी पार हो रहे हैं। एडीएम ने कहा कि उपरोक्त शिकायतों के संबंध मेें कोई व्यक्ति तथ्यात्मक साक्ष्य सात फरवरी से 14 फरवरी तक उनके कार्यालय में किसी कार्य दिवस में दे सकता है। जांच में आरोप सही मिलने पर दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।