मिनिस्टिरियल मनोरंजन केंद्र में क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता टीम को ट्राफी सौंपते इं. त्रिभुवन तिवारी एवं अन्नू।
तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित मिनीस्टीरियल मनोरंजन केंद्र में खेली जा रही दिवा-रात्रि क्रिकेट प्रतियोगिता ब्लॉस्टर के नाम रही। इस टीम ने नाइट चार्जर को पांच विकेट से हराकर मैच जीता। सोनू को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया।
शुक्रवार की देर शाम शुरू हुए फाइनल मुकाबले का टॉस नाइट चार्जर ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 78 रन बना सकी। श्रीकांत ने 23, विनय ने 16, मणींद्र ने दस रनों की पारी खेली। बॉल ब्लास्टर के अमित ने दो, सभाजीत ने एक विकेट चटकाया। जवाबी पारी खेलने उतरी बॉल ब्लॉस्टर की टीम ने पांच विकेट शेष रहते आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर दिया। नाइट चार्जर के विनय ने तीन खिलाड़ियों को पैवेलियन की राह दिखाई। बतौर मुख्य अतिथि सीजीएम इं. त्रिभुवन तिवारी ने विजेता और उपजेता टीम को ट्राफी एवं खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया। शैलेष यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, बृजेश को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के खिताब से नवाजा गया।
सीजीएम ने उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए एक फंड निर्माण की भी घोषणा की। कहा कि इसकी शुरुआत दस हजार से की जा रही है। क्रीड़ा सचिव इं. रविशंकर राजीव, समिति अध्यक्ष इं. एलबी सिंह ने सभी को धन्यवाद दिया। अंपायरिंग मुन्ना चौबे और संजीव सिंह ने की। कमेंटेटर की भूमिका रोजर, आरिफ, लालचंद और स्कोरर की भूमिका अशोक सिंह और रामजी ने निभाई। इस मौके पर मंधीर गुप्ता, योगेश गुप्ता, समीर भटनागर, एके राय, निखिलेश चतुर्वेदी आदि मौजूद थे।