सहकारिता विभाग में चल रहे बी-पैक्स कंप्यूटराइजेशन कार्य को गति देने के लिए अधिकारियों ने सख्ती दिखाई है। प्रथम व द्वितीय चरण में चयनित बी-पैक्स की डाटा फीडिंग और बैलेंसशीट के अंतर को हर हाल में 28 फरवरी तक ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले कार्य पूरा हो सके। मंगलवार को विकास भवन स्थित सहायक आयुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह ने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि सिस्टम में दर्ज आंकड़ों और बैलेंसशीट के अंतर का मिलान कर समयबद्ध तरीके से सुधार सुनिश्चित करें। कहा कि कंप्यूटराइजेशन योजना की सफलता के लिए डाटा की शुद्धता सबसे महत्वपूर्ण है। बैठक में सचिव/सीईओ जिला सहकारी बैंक मिर्जापुर राजकुमार यादव ने कार्य की गंभीरता को देखते हुए सचिव, एडीओ सहकारिता और शाखा प्रबंधकों की संयुक्त टीम बनाकर त्रुटियों का निराकरण कराने पर जोर दिया। जिला विकास प्रबंधक आनंद पांडेय ने अंतर के प्रमुख कारणों की जानकारी देते हुए सुधार के व्यावहारिक उपाय बताए। वहीं उपमहाप्रबंधक कंप्यूटराइजेशन अमित त्रिपाठी ने सभी बी-पैक्स को पूर्ण रूप से अपडेट कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीसीओ सदर अवधेश सिंह, डॉ.सुरेश, अजय कुमार, एडीओ अखिलेश कुमार, मनोज कुमार, अनिल शर्मा आदि उपस्थित रहे।