सीएमओ को ज्ञापन सौंपते आयुष्मान संविदा कर्मी। - जागरूक पाठक
सोनभद्र। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मियों की हड़ताल स्थगित होने के बाद अब आयुष्मान कार्मिकों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। कार्मिकों ने मानदेय में वृद्धि और खुद व परिवार के लिए स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएमओ को सौंपा। साथ ही कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि 21 अक्तूबर तक मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 22 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।
आयुष्मान भारत संविदा कार्मिक संघ की ओर से ग्रीवांस मैनेजर रजत मिश्रा और आयुष्मान कार्मिक जितेंद्र कुशवाहा की अगुवाई में ज्ञापन सौंपा गया। कार्मिकों का कहना था कि अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों से लगातार अनुरोध और पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन इस पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। ऐसे में उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
कार्मिकों ने बताया कि आठ वर्षों से उनके मानदेय में वृद्धि नहीं हुई है। साथ ही उन्हें एनएचएम और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अनुभागों के कर्मचारियों की तरह सेवा संबंधी लाभ भी नहीं मिल रहे हैं।