सोनभद्र। जिले में बुधवार को आयुुष्मान पखवाड़े की शुरूआत हो गई। पहले दिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से 338 जगहों पर आयुुष्मान कार्ड विहीन परिवारों का मुफ्त में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाया गया। लेकिन 280 कैंपों में सहज जन सेवा केंद्रों से वीएलई कार्ड बनाने के लिए नहीं पहुंचे। इस नाते 50 कैंपों मेें ढाई सौ लोगों का ही कार्ड बन सका।
बता दें कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं सीएम जन आरोग्य अभियान के तह राबर्ट्सगंज, दुद्वी, घोरावल और ओबरा तहसील क्षेत्र में चयनित एक लाख 81 हजार 835 परिवारों में से सिर्फ 66 हजार 825 परिवारों के एक लाख 71 हजार 362 लोगों का आयुष्मान कार्ड बना है। सरकार के निर्देश पर आयुष्मान कार्ड विहिन परिवारों का कार्ड बनाने के लिए बुधवार से जिले में आयुष्मान पखवाड़े की शुरूआत हुई। राबर्ट्सगंज, घोरावल, नगवां, चतरा, करमा, चोपन, कोन, दुद्वी, बभनी और म्योरपुर ब्लॉक मेें 637 ग्राम पंचायत भवन/कोटे की दुकान/सीएचसी/पीएचसी समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कैंप लगाकर चयनित जिन परिवारों का आयुुष्मान कार्ड बनाना है। लेकिन पहले दिन 338 जगहों पर ही कैंप लगा। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो करीब 50 कैंपों में ही सहज जन सेवा केंद्र के वीएलई उपस्थित होकर लगभग ढाई सौ लोगों का आयुष्मान कार्ड बन पाया। शेष कैंपों में वीएलई के उपस्थित न होने से कार्ड नहीं बना।
नि:शुल्क आयुष्मान भारत-आयुष्मान कार्ड पखवाड़े की शुरूआत हो गई है। पंचायत भवन, कोटे की दुकान, पीएचसी/सीएचसी एवं चयनित स्थानों पर कैंप लगाकर जन सेवा केन्द्र के वीएलई के माध्यम से मुफ्त में आयुष्मान कार्ड बनवाए जा रहे है। पहले दिन अधिकांश कैंपों में वीएलई के नहीं पहुंचने की सूचना मिली है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। अधीनस्थों को वीएलई को बुलवा कर कार्ड बनवाने के लिए निर्देशित किया गया है। - डॉ. नेम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र।