सोनभद्र। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में लीलासी के आयुष कुमार ने जिले में पहला स्थान हासिल किया है। उन्हें परीक्षा में 94.50 प्रतिशत (567) अंक मिले हैं। आयुष राजा चंडोल इंटर कॉलेज के छात्र हैं। आयुष के पिता फेरी लगाकर सामान बेचते हैं। वहीं रॉबर्ट्सगंज के राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज की छात्रा सोनाक्षी सिंह पटेल ने 94.80 प्रतिशत अंकों के साथ इंटर की परीक्षा में टॉप किया है। सोनाक्षी को परीक्षा में कुल 474 अंक मिले हैं। परिणाम की घोषणा के बाद मेधावियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह जश्न में डूब गए हैं।
12 मार्च को परीक्षा समाप्त होने के बाद से भी छात्र-छात्राओं को नतीजे घोषित हाेने का इंतजार था। उनकी नजर लगातार बोर्ड के निर्देशों पर टिकी हुई थी। शुक्रवार को सुबह से ही परीक्षार्थियों की बेचैनी बढ़ गई थी। अपने अच्छे परिणाम को लेकर वह चिंतित थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बोर्ड ने जैसे ही नतीजे घोषित किए, हर कोई अपना परिणाम जानने को बेताब हो गया। अच्छे अंक पाकर मेधावियों के चेहरे खिल गए तो कुछ को आशाओं के अनुरुप अंक न मिलने से मायूसी हाथ लगी। रिजल्ट के बाद सबसे पहले उन्होंने अपने परिजनों का आशीर्वाद लिया। फिर स्कूल पहुंचकर शिक्षकों व सहपाठियों से खुशी साझा की। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। हाईस्कूल की मेरिट सूची में आदिवासी बहुल म्योरपुर ब्लॉक के लीलासी गांव स्थित राजा चंडोल इंटर कॉलेज के छात्र आयुष कुमार ने 567 अंक पाकर जिले की श्रेष्ठता सूची में पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान मां विंध्यवासिनी इंटर कॉलेज पांपी की आयुषी कुमारी को मिला। उन्हें परीक्षा में 566 अंक प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर 558 प्राप्त कर सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल रॉबर्ट्सगंज की रिमझिम पाठक रहीं। वहीं इंटर में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज की सोनाक्षी सिंह पटेल 474 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहीं तो सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज खड़िया के अभिषेक दुबे 454 अंकों के साथ दूसरे और राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज के ही दिव्यांश केशरी 453 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
-
वर्जन...
हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा कड़ी सुरक्षा में पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई थी। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और लगन के दम पर सफलता हासिल की है। अंक कम-ज्यादा हो सकते हैं, लेकिन इससे किसी को हताश होने की जरूरत नहीं है। खुद पर भरोसा रखें। जो कमियां रह गई हों, उसे ढूंढे और आगे और मेहनत करें। सभी सफल छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को अच्छे परिणाम के लिए बधाई। -जयराम सिंह, डीआईओएस।