करमा थाना के सामने वाहनो की जांच कराते एएसपी ओपी सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण के लिए सोमवार से तीन दिन दिवसीय अनुष्ठान शुरू है। इसमें भाग लेने के लिए गिने-चुने लोगों को ही बुलाया गया है। इनके अलावा अन्य किसी को पूजन-अर्चन में शामिल होने की अनुमति नहीं है। इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिले की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी है। मंगलवार को करमा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बार्डर पर फोर्स के साथ एएसपी ओपी सिंह वाहनों की चेकिंग करते रहे। वहीं अन्य क्षेत्रों में भी चेकिंग जारी थी। पांच अगस्त को अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन कर श्रीगणेश करेंगे। जिले के विभिन्न ऐतिहासिक स्थानों से मिट्टी और कई नदियों से राम भक्तों ने अयोध्या जल भेजा है। कोरोना संक्रमण के चलते सरकार ने अयोध्या में गैर जिलों और प्रांतों से गिने-चुने लोगों को ही आमंत्रित किया है। बावजूद इसके चोरी-छिपे जिले से कुछ रामभक्त अयोध्या जाने की फिराक में है का इनपुट मिलने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। एसपी आशीष श्रीवास्तव के निर्देश पर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक जगहों की सुुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मंगलवार को राबटर्सगंज नगर में सिटी सीओ राजकुमार त्रिपाठी, कोतवाल अंजनी कुमार राय सार्वजनिक जगहों पर भ्रमण कर संदिग्धों से पूछताछ करते रहे। वहीं करमा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बार्डर पर तैनात जिले से जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों को रोक कर उसमें सवार लोगों के बारे में पूरा डिटेल जानने के बाद ही उन्हें जाने दे रही थी। इसका जायजा लेने पहुंचे एएसपी ओपी सिंह ने मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के वाराणसी बार्डर पर चौकी इंचार्ज कृष्ण गोपाल राय वाहनों की चेकिंग करते रहे। इसी तरह से अन्य थाना क्षेत्रों में भी वाहनों की चेकिंग जारी रही।