राबर्ट्सगंज सीएमओ कार्यालय से पल्सपोलियो जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम चंद्?
- फोटो : SONBHADRA
जिले में रविवार से शुरू हो रहे सघन पल्स पोलियो महाअभियान को लेकर शनिवार को जनपद मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय से जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को डीएम चंद्र विजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की।
सीएमओ ने डॉ. आरएस ठाकुर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जिले को पोलियो मुक्त रखने के लिए अभियान में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न बरती जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत समस्त बच्चों की सूची बूथ पर रखी जाएगी। बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर शत प्रतिशत प्रतिरक्षित करें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जिले में 317939 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। इसके लिए 1092 बूथ, 40 ट्रांजिट टीम और सात मोबाइल टीम बनाई गई है। रैली में स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता साईं नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्रा के साथ एसीएमओ डा. आरजी यादव, डॉ. प्रेमनाथ, डॉ डीके सिंह, डॉ. एपी सिंह, डॉ. सुमन आदि शामिल रहे।