राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दाैरान जिला निर्वाचन अधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। मतदाताओं के बिना चुनाव प्रक्रिया का कोई महत्व नहीं है।
उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की नींव है। हर नागरिक का दायित्व है कि वह बिना किसी भेदभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करे। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बीएलओ पर निर्भर करती है। जितनी बेहतर सूची होगी, उतना ही निष्पक्ष चुनाव संभव होगा। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने मतदाता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। जिलाधिकारी ने बच्चों की सराहना की। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं को हर बार मतदान में बढ़-चढ़कर कर हिस्सा लेने की शपथ दिलाई गई।