ओबरा। पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक पर ससुराल में पड़ोसी युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। आरोपी युवक विवाहिता की मौत का जिम्मेदार पति व ससुराल वालों को मान रहा था। घटना ओबरा थाना क्षेत्र मालवीयनगर की है। पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतका के मामा सुशील निषाद के मुताबिक महीनों से मायके में रह रही भांजी नेहा पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी। उसकी बृहस्पतिवार को मौत हो गई। विवाहिता के मौत की खबर परिजनों ने उसके ससुराल वालों को दी। सूचना के बाद नेहा का पति चुनार मिर्जापुर निवासी सत्यप्रकाश ओबरा पहुंचा। दाह संस्कार के बाद ससुराल के पड़ोस में रहने वाले युवक बादल साहनी ने कहासुनी के दौरान सत्यप्रकाश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे सत्यप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल सत्यप्रकाश को इलाज के लिए चोपन सीएचसी में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां भी हालत में सुधार न होता देख डाक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक बादल को गिरफ्तार कर लिया। कस्बा चौकी इंचार्ज अमित कुमार त्रिपाठी ने आरोपी युवक मृतका का रिश्तेदार बताया जा रहा है। बादल मृतका नेहा का इलाज न कराने की वजह से उसके ससुराल वालों से नाराज था। आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है ।