घोरावल थाना क्षेत्र बेलखुरी गांव में करीब एक सप्ताह पूर्व विवाह समारोह के दौरान दो पक्षों में हुई मारपीट में घायल युवक श्याम सुंदर (18) पुत्र लालमनी की शनिवार को बीएचयू र अस्पताल में मौत हो गई।
रविवार को गांव पहुंचे परिवार वालों ने घोरावल-शाहगंज मार्ग पर शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक लगे जाम की सूचना पर थानाध्यक्ष घोरावल और शाहगंज मौके पर पहुंचे।
दोनों ने परिवार वालों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और दर्ज प्राथमिकी को हत्या के केस में तब्दील करने का आश्वासन दिया।
बेलखुरी गांव निवासी लालमनी के घर छह जून को बेटी की शादी थी। इस दौरान लालमनी पड़ोसी के घर के सामने मेहमानों के लिए चारपाई बिछा रहे थे। पड़ोसी ने उन्हें चारपाई बिछाने से मना किया।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच दूसरा पड़ोसी मनी शर्मा भी वहां पहुंच गया और लालमनी की पिटाई करने लगा।
यह देख लालमनी का बेटा श्याम सुंदर (18) भी मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। लेकिन पड़ोसियों ने उसे लाठी-डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत देख परिवार वाले उसे जिला अस्पताल ले गए जहां से उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
्रविवार को परिवार वाले गांव पहुंचे और घोरावल-शाहगंज मार्ग पर औराही गांव के पास शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और जाम लगा रहा।
सूचना मिलने पर घोरावल थानाध्यक्ष और शाहगंज थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क पर से शव को हटवाकर जाम समाप्त कराया और मृतक के परिवार वालों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साथ उन्होंने परिवार वालों से कहा कि वे एक तहरीर भी दें ताकि पूर्व में दर्ज मुकदमे को हत्या के केस में तब्दील किया जा सके। इस आश्वासन पर परिवार वाले शव लेकर लौट गए।