अनपरा के लिए मंगलवार का दिन गौरवमयी रहा। इस दिन न केवल यहां की सरजमीं पर राख बांध पर निर्मित देश की पहली परियोजना शुरू की गई
बल्कि सीएम अखिलेश यादव के हाथों पांच सौ मेगावाट की पहली इकाई के उद्घाटन के साथ ही अनपरा परियोजना 2130 मेगावाट की क्षमता हासिल कर देश की बड़ी परियोजनाओं में शामिल हो गई।
पांच सौ मेगावाट वाली दूसरी इकाई को भी उत्पादन पर लेने की सीमा 15 जुलाई तय की गई है। इसके उत्पादन पर आने के साथ क्षमता 2630 मेगावाट पहुंच जाएगी।
क्षमता के सापेक्ष 80 से 90 फीसदी (पीएलएफ) उत्पादन की निरंतरता जारी रखने वाली अनपरा परियोजना को मौजूदा समय में राज्य सेक्टर की सबसे बड़ी परियोजना का गौरव हासिल है।
अनपरा डी के रूप में इसकी उपलब्धि में मंगलवार को एक और नगीना जुड़ गया। इसी के साथ अनपरा डी कामर्शियल उत्पादन शुरू कर नार्दर्न ग्रिड से जुड़ गई।
फिलहाल इसे कम क्षमता पर चालू किया गया है। दो माह के भीतर इस इकाई को पूर्ण क्षमता
से उत्पादन पर ले लिया जाएगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।
इसी तरह दूसरी इकाई को जुलाई में उत्पादन पर लेने और उसके बाद दो से तीन माह के भीतर पूर्ण क्षमता से उत्पादन पर लाने की समय सीमा तय की गई है।
जानकार बताते हैं कि दोनों इकाई के उत्पादन पर आते ही इस परियोजना से प्रतिदिन 22 मिलियन यूनिट बिजली प्रदेश को मिलनी शुरू हो जाएगी।